Sarguja express….
अंबिकापुर। पुलिस की वर्दी में शराब पीकर इंसास रायफल छोड़ने और जमीन पर सोने के मामले में एएसआई जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले को सबसे पहले सरगुजा एक्सप्रेस ने प्रमुखता से उठाया था। खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की।

दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों को 17 अक्टूबर को मुलजिम पेशी की ड्यूटी के लिए सरगुजा जिले भेजा गया था। 18 अक्टूबर को शाम करीब 5:40 बजे अंबिकापुर के नए बस स्टैंड पर वे पुलिस वर्दी में शराब का सेवन करने के बाद इंसास रायफल छोड़कर जमीन पर सोते हुए पाए गए।
आदेश में कहा गया है कि इस घटना के बाद सहायक उप निरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दुर्ग स्थित रक्षित केंद्र में संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

