Sarguja express….
अंबिकापुर। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में रविवार शाम क़ो पुलिस विभाग से जुड़े दो कर्मचारियों के नशे की हालत में पड़े मिलने का मामला सामने आया है। उनके पास इंसास राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले राइफल को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी सुबह से बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में घूम रहे थे। बताया जा रहा है कि इनमें एएसआई जीवन राम एक्का शामिल थे, जो दुर्ग क्षेत्र में पदस्थ हैं। उनके साथ एक आरक्षक भी था। दोनों अंबिकापुर में एक कैदी को छोड़ने आए थे। आरोप है कि कैदी को छोड़ने के बाद उन्होंने शराब का सेवन किया और बस स्टैंड के आसपास अलग-अलग जगहों पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पुलिसकर्मी होटल के बाहर पड़ा था, जबकि दूसरा शराब दुकान के सामने गिरा मिला। दोनों की हालत देखकर आसपास मौजूद लोग जुट गए। इसी दौरान पास में इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी दिखाई दी। लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राइफल को सुरक्षित किया और दोनों कर्मचारियों की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार का लावारिस पड़े रहना गंभीर लापरवाही है। यदि किसी व्यक्ति के हाथ में राइफल लग जाती, तो उसका दुरुपयोग हो सकता था और बड़ी घटना घट सकती थी।
फिलहाल मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिसकर्मियों की स्थिति, घटना के हालात और हथियार बस स्टैंड परिसर में कैसे लावारिस पड़ा रहा—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ड्यूटी और सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं तथा संबंधित कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

