19 October 2026
नाश्ते के दौरान हादसा: पीछे लुढ़ककर दूसरे होटल के भट्ठे में घुसा तेल टैंकर, नीचे दबा बुलेट वाहन
हादसा राज्य

नाश्ते के दौरान हादसा: पीछे लुढ़ककर दूसरे होटल के भट्ठे में घुसा तेल टैंकर, नीचे दबा बुलेट वाहन

Sarguja express……

गनीमत रही कि आगजनी की घटना नहीं हुई, पुलिस ने संभाला मोर्चा; अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर तैनात

उदयपुर सरगुजा (छत्तीसगढ़)। रायपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा एक तेल टैंकर ग्राम डांडगांव में हादसे का शिकार हो गया। घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक सड़क किनारे स्थित एक होटल में नाश्ता करने के लिए रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और करीब 200 मीटर पीछे जाकर दूसरे होटल, अतुल के भट्ठे में जा घुसा।

इस दौरान टैंकर की चपेट में होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक की बुलेट मोटरसाइकिल आ गई। बुलेट वाहन टैंकर के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जलते भट्ठे तक पहुंचा टैंकर, टली बड़ी अनहोनी

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टैंकर पीछे की ओर बढ़ते हुए होटल के जलते हुए भट्ठे तक पहुंच गया। हालांकि, गनीमत रही कि टैंकर में आग नहीं लगी और कोई बड़ी आगजनी की घटना नहीं हुई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होटल के मिस्त्री ने दोनों भट्ठों पर पानी डालकर आग बुझा दी, ताकि किसी संभावित अनहोनी को रोका जा सके।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। संभावित खतरे को देखते हुए अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एहतियात के तौर पर टैंकर के आसपास लोगों को दूर रखा जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *