Sarguja express….
अंबिकापुर। सरगुजा में लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले गुंडे-बदमाश और आदतन अपराधी अब पुलिस की विशेष निगरानी में रहेंगे। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। 29 व्यक्तियों की नई गुंडा-बदमाश फाइल खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिनमें पांच की फाइल खुल चुकी है। वहीं 39 आदतन अपराधियों के खिलाफ धारा 110 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले लोगों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड खंगालने के साथ आदतन अपराधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।
पांच की फाइल खुली, 24 और पुलिस के रडार पर
पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था भंग करने और लगातार अपराधों में संलिप्त रहने वाले कुल 29 लोगों की गुंडा-बदमाश फाइल खोलने की कार्रवाई की जा रही है। इनमें पांच नई फाइलों को स्वीकृति मिल चुकी है। कोतवाली और गांधीनगर पुलिस ने दो-दो तथा मणिपुर पुलिस ने एक नई फाइल खोली है।
शेष 24 लोगों के खिलाफ प्रक्रिया जारी है। इनमें गांधीनगर और उदयपुर थाना क्षेत्र में सर्वाधिक आठ-आठ, लखनपुर में छह तथा कोतवाली और कुन्नी चौकी क्षेत्र में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ नई फाइल खोलने की कार्रवाई चल रही है।
39 आदतन अपराधियों पर धारा 110 की कार्रवाई
पुलिस ने इसके साथ ही आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी तेज कर दी है। जिले में कुल 39 प्रकरण धारा 110 के तहत तैयार कर न्यायालय में पेश किए गए हैं। इनमें अकेले कोतवाली क्षेत्र के 18 और गांधीनगर क्षेत्र के 16 प्रकरण शामिल हैं। मणिपुर पुलिस ने तीन और रघुनाथपुर चौकी ने दो प्रकरणों में कार्रवाई की है।
डीआईजी एवं एसएसपी ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट किया है कि आपराधिक और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाए। पुलिस का कहना है कि गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

