28 October 2026
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना-प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
आयोजन देश प्रशासन मांग राज्य

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना-प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Sarguja express….
नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर एकजुट हुईं कार्यकर्ता

मो.हदीस,सीतापुर– अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संयुक्त मंच, छत्तीसगढ़ के बैनर तले कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर रैली निकाली। इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने शासन से लंबे समय से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियमित करने, नियमितीकरण होने तक श्रम कानून के तहत कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये तथा सहायिकाओं को 25,500 रुपये मानदेय देने की मांग की गई। इसके अलावा सहायिकाओं को कार्यकर्ता तथा कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर के पद पर सीधे पदोन्नति देने की मांग उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने तथा कार्यकर्ता और सहायिका के लिए क्रमशः पांच लाख और तीन लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। साथ ही मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष एक हजार रुपये मानदेय वृद्धि करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं विभागीय जिम्मेदारियों के साथ कई अतिरिक्त कार्यों का भी निर्वहन करती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त आर्थिक सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने शासन से मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *