Sarguja express….
शोक की लहर…. Mसेंट्रल बैंक चौक के पास हुआ हादसा, स्कूटी सवार 74 वर्षीय तिरलोक चंद गोयल ने घटनास्थल पर तोड़ा दम; जर्जर एनएच-43 पर फिर उठे सवाल
मो.हदीस,सीतापुर– नगर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रतिष्ठित व्यापारी निहारिका जनरल स्टोर के संचालक तिरलोक चंद गोयल (74 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे तिरलोक चंद गोयल मार्केट से अपनी स्कूटी पर सवार होकर सोनतराई स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक चौक के पास सरगुजा साड़ी हाउस के सामने एनएच-43 पर ट्राला ट्रक क्रमांक UP 78 JN 2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक सहित चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी के असामयिक निधन से व्यापारिक जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जर्जर एनएच-43 पर कब लगेगा लगाम?
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नगर से गुजरने वाले एनएच-43 की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जर्जर सड़क और उससे जुड़े सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर जिम्मेदार विभाग कब ध्यान देगा? क्या किसी और बड़ी दुर्घटना और जनहानि का इंतजार किया जा रहा है? सड़क की बदहाली अब केवल परेशानी नहीं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

