6 September 2026
चोरी का माल बेचने निकले थे दो युवक, ग्राहक से पहले पहुंच गई पुलिस; साड़ी-कपड़े और बाइक जब्त
कार्रवाई क्राइम राज्य

चोरी का माल बेचने निकले थे दो युवक, ग्राहक से पहले पहुंच गई पुलिस; साड़ी-कपड़े और बाइक जब्त

Sarguja express….
अंबिकापुर,। शहर के घुटरापारा में घर के सामने खड़ी पिकअप से कपड़ों का गट्ठर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरी के कपड़ों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस उन तक पहुंच गई। आरोपियों के कब्जे से चोरी की साड़ी-कपड़े तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 50 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार घुटरापारा निवासी विकास सोनी आसपास लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में कपड़े बेचने का काम करते हैं। उन्होंने 29 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 से 29 अगस्त के बीच उनके घर के सामने खड़ी पिकअप में रखे कपड़ों में से एक गट्ठर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। गट्ठर में साड़ी, कपड़े और पुरानी तिरपाल सहित करीब 15 हजार रुपए का सामान था। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घुटरापारा चौक में तलाश रहे थे ग्राहक

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि विकास सोनी के पड़ोस में रहने वाले रोशन राम चेरवा और राजकुमार चेरवा चोरी के कपड़ों को बेचने के लिए घुटरापारा चौक क्षेत्र में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम राजपूत चौक पहुंची और दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। शुरुआत में दोनों टालमटोल करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर पिकअप से कपड़े, झोला और तिरपाल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की साड़ी व कपड़े के साथ वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15-डीजेड-6108 जब्त की है। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए है।

दोनों आरोपी घुटरापारा के निवासी

मामले में पुलिस ने घुटरापारा पुरानी पानी टंकी के पास रहने वाले रोशन राम चेरवा (24) और राजकुमार चेरवा (26) को गिरफ्तार किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सुराज राय, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *