21 July 2026
उदयपुर वन परिक्षेत्र में दंतैल हाथी का हमला, वृद्ध गंभीर घायल, महिला ने भागकर बचाई जान…..पुटू खुखड़ी बीनने और गेड़ा काटने गए वृद्ध दंपति पर किया हमला, घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसा राज्य समस्या

उदयपुर वन परिक्षेत्र में दंतैल हाथी का हमला, वृद्ध गंभीर घायल, महिला ने भागकर बचाई जान…..पुटू खुखड़ी बीनने और गेड़ा काटने गए वृद्ध दंपति पर किया हमला, घायल जिला अस्पताल रेफर

Sarguja express

उदयपुर। पिछले एक माह से उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा दंतैल हाथी लगातार आक्रामक होता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचाने के बाद रविवार को हाथी ने जंगल में पुटू खुखड़ी बीनने और गेड़ा काटने गए एक वृद्ध दंपति पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सायर जंगल में गए लगभग 55 वर्षीय बिहानू पर दंतैल हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें सूंड से जोरदार वार किया, जिससे उनका जबड़ा बुरी तरह टूट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके साथ मौजूद महिला किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
महिला ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्रामीणों और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल वृद्ध को जंगल से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद वन विभाग का अमला मौके पर मौजूद है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों के लोगों से सतर्क रहने तथा हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्र में अकेले न जाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *