23 September 2026
मैदान पर प्रतिभाओं का दम, संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया जौहर…..जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने किया खेल मैदानों का निरीक्षण, खराब क्रिकेट मैट देख तत्काल नई मैट की कराई व्यवस्था
आयोजन खेल नियम पहल राज्य

मैदान पर प्रतिभाओं का दम, संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया जौहर…..जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने किया खेल मैदानों का निरीक्षण, खराब क्रिकेट मैट देख तत्काल नई मैट की कराई व्यवस्था

Sarguja express…

अंबिकापुर। संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेल मैदानों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में संभाग के अलग-अलग जिलों से पहुंचे बालक-बालिका खिलाड़ियों ने क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, रग्बी और सॉफ्टबॉल सहित विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया।
22 सितंबर को आयोजित मुकाबलों में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका क्रिकेट, 17 वर्ष बालिका क्रिकेट, 19 वर्ष बालक कबड्डी, 14 वर्ष बालक-बालिका वॉलीबॉल, 19 वर्ष बालक-बालिका हैंडबॉल, 14 वर्ष बालक-बालिका रग्बी तथा 19 वर्ष बालक-बालिका सॉफ्टबॉल की प्रतियोगिताएं कराई गईं। अलग-अलग मैदानों पर हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने विभिन्न खेल मैदानों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। क्रिकेट मैदान के निरीक्षण के दौरान क्रिकेट मैट की स्थिति ठीक नहीं पाए जाने पर उन्होंने तत्काल नई क्रिकेट मैट की व्यवस्था कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खेल शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं की किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने क्रिकेट, वॉलीबॉल और हैंडबॉल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के सुचारू संचालन में वरिष्ठ कोच आनंद धर दीवान के नेतृत्व में व्यायाम शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न खेल मैदानों में व्यायाम शिक्षक और खेल अधिकारी व्यवस्थाओं को संभालने के साथ प्रतियोगिताओं के संचालन में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *