22 September 2026
नए आपराधिक कानूनों की बारीकियां सीखेंगे सरगुजा रेंज के 2018 पुलिसकर्मी…..गंभीर अपराधों की विवेचना में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य पर जोर, 180 अधिकारियों-कर्मचारियों के पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू
आयोजन क्राइम ख़बर जरा हटके देश पहल बड़ी खबर राज्य

नए आपराधिक कानूनों की बारीकियां सीखेंगे सरगुजा रेंज के 2018 पुलिसकर्मी…..गंभीर अपराधों की विवेचना में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य पर जोर, 180 अधिकारियों-कर्मचारियों के पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू

Sarguja express
6 नवंबर तक चलेगा तीन-तीन दिवसीय प्रशिक्षण, साइबर अपराध से लेकर फोरेंसिक और ई-एफआईआर तक की दी जाएगी जानकारी

अंबिकापुर। नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विवेचना क्षमता को और मजबूत करने के लिए सरगुजा रेंज में विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया गया है। वरिष्ठ आरक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारियों-कर्मचारियों को तीन-तीन दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स के माध्यम से नए कानूनों, तकनीकी साक्ष्य, डिजिटल साक्ष्य, फोरेंसिक जांच और साइबर अपराध की विवेचना की बारीकियां सिखाई जाएंगी। पहले बैच में रेंज के विभिन्न जिलों से आए करीब 180 अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व एवं उप पुलिस महानिरीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रक्षित केंद्र अंबिकापुर में प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ मैदानी स्तर पर पुलिस अधिकारियों की समझ और विवेचना कौशल को बेहतर बनाना है। इसमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही गंभीर मामलों की विवेचना में तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संग्रह, संरक्षण और उपयोग पर विशेष जोर रहेगा।

6 नवंबर तक 1838 और विवेचकों को प्रशिक्षण

पहले बैच के बाद रेंज के शेष करीब 1838 विवेचकों को अलग-अलग बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह क्रम 6 नवंबर तक लगातार चलेगा। प्रशिक्षण के लिए विभिन्न इकाइयों के मास्टर प्रशिक्षकों के साथ लोक अभियोजन अधिकारी, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डिजिटल एवं फोरेंसिक विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। ई-साक्ष्य और ई-एफआईआर प्रणाली की जानकारी देने के लिए अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली के विशेषज्ञ तथा साइबर अपराध विशेषज्ञ भी प्रशिक्षण देंगे।
विशेष प्रशिक्षण के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी को नोडल अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण राकेश कुमार बघेल को सहायक नोडल अधिकारी तथा रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत को समन्वयक बनाया गया है।
शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण, फोरेंसिक प्रयोगशाला के अधिकारी, साइबर विशेषज्ञ सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से पहुंचे 180 अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *