Sarguja express
28.41 करोड़ रुपये की लागत से 3.82 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण, विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रयासों से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की जगी उम्मीद
मो.हदीस,सीतापुर– वर्षों से जर्जर सड़क, बड़े-बड़े गड्ढों और धूल के गुबार से परेशान सीतापुरवासियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सोनतराई से सुर तक 3.82 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। करीब 28.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को सीतापुर के विकास की दिशा में बड़ी सौगात माना जा रहा है। परियोजना को स्वीकृति दिलाने में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर के बीच से गुजरने वाले एनएच-43 की बदहाली लंबे समय से नागरिकों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। सड़क पर गड्ढों के कारण आवागमन जोखिम भरा था, वहीं उड़ती धूल से दुकानदारों, राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क की मरम्मत और सुधार की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने कई बार आंदोलन भी किया था। अब फोरलेन निर्माण की पहल से लोगों को बेहतर आवागमन और धूल से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक के प्रयासों से विकास को मिली गति
सीतापुर की बदहाल सड़क का मुद्दा लंबे समय से उठता रहा है। विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। फोरलेन सड़क बनने से नगर में यातायात का दबाव कम होने, सड़क सुरक्षा बेहतर होने और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।
सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
भूमि पूजन कार्यक्रम नगर पंचायत सीतापुर के सांस्कृतिक सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह,भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर, राज कुमार अग्रवाल, श्रवण दास, तिर्लोचन सदावर्ती, भवानी सिंह, वशिष्ठ दास,मो.सब्बीर कादरी,सुनील गुप्ता, रूपेश गुप्ता, इलू गुप्ता, निखल सिंह,रजनीश पांडे, प्रभात खलखो, नेमलाल गुप्ता,सजंय गुप्ता, संगीता कंसारी,अमृता पैंकरा, नीरू मिस्त्री,स्नेहलता गुप्ता, महेश्वरी दास, विवेक नामदेव,व्यपारी संघ अध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि,एवं अनुविभागीय अधिकारी प्राची ठाकुर, एन एच के अधिकारी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अब गुणवत्ता और समयसीमा पर रहेगी नजर
करोड़ों रुपये की इस परियोजना से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लोगों की अपेक्षा है कि निर्माण कार्य तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा हो। सड़क टिकाऊ बने और लोगों को गड्ढों, धूल तथा आवागमन की परेशानियों से स्थायी राहत मिले, तभी इस बड़ी सौगात का वास्तविक लाभ मिल सकेगा।

