Sarguja express…..
घर में बिना किसी विवाद के अचानक बिगड़ी थी हालत, कमरे में मिला कीटनाशक का खुला डिब्बा; अंबिकापुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियो चौकी के ग्राम अखोरा खुर्द निवासी एक युवक की कथित रूप से कीटनाशक का सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक का करीब 15 दिनों से अंबिकापुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पिता ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि युवक किसी युवती से बातचीत करता था और संभवतः दोनों के बीच मनमुटाव के बाद उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि युवक द्वारा कीटनाशक का सेवन करने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अखोरा खुर्द निवासी बिरबल का सबसे छोटा बेटा सोहन राम परिवार के साथ रहता था। पिता ने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को सोहन ने अचानक अपना मोबाइल पटककर तोड़ दिया था। परिजनों ने उससे मोबाइल तोड़ने का कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। पिता के मुताबिक उस दौरान घर में भी किसी से उसका कोई विवाद नहीं हुआ था।
उल्टी से आई कीटनाशक की गंध, कमरे में मिला डिब्बा
18 अगस्त की शाम करीब 7 बजे बिरबल घर के बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी और सोहन घर में मौजूद थे। परिवार के दो अन्य बेटे दुकान की ओर गए हुए थे। इसी दौरान घर के अंदर से पत्नी के जोर-जोर से आवाज लगाने पर बिरबल और आसपास के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि सोहन आंगन में उल्टी कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक उल्टी से कीटनाशक जैसी गंध आ रही थी। इसके बाद सोहन के कमरे में जाकर देखा गया तो उसके बिस्तर के पास जमीन पर कीटनाशक का खुला डिब्बा पड़ा था और उसकी कुछ बूंदें जमीन पर भी गिरी हुई थीं। इससे परिजनों को उसके कीटनाशक का सेवन करने का संदेह हुआ।
पहले जिला अस्पताल, फिर निजी अस्पताल में कराया भर्ती
परिजन तत्काल सोहन को उपचार के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक प्राथमिक उपचार के बाद परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां लगातार उसका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
करीब 15 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद 2 सितंबर को उपचार के दौरान सोहन की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिता ने अपने बयान में बेटे के किसी युवती से बातचीत करने और उनके बीच संभावित मनमुटाव की आशंका जताई है। फिलहाल यह केवल परिजन की आशंका है और युवक ने किन परिस्थितियों में कथित रूप से कीटनाशक का सेवन किया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।


