2 September 2026
क्रिप्टोकरेंसी में एक साल में 10 हजार के एक लाख करने का झांसा, छठवां आरोपी गिरफ्तार…..होटल में ट्रेनिंग देकर निवेश के लिए करते थे प्रेरित, मोबाइल और नोटबुक जब्त; पांच आरोपी पहले जा चुके हैं जेल
कार्रवाई क्राइम राज्य

क्रिप्टोकरेंसी में एक साल में 10 हजार के एक लाख करने का झांसा, छठवां आरोपी गिरफ्तार…..होटल में ट्रेनिंग देकर निवेश के लिए करते थे प्रेरित, मोबाइल और नोटबुक जब्त; पांच आरोपी पहले जा चुके हैं जेल

Sarguja express….
अंबिकापुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में मणिपुर पुलिस ने फरार चल रहे छठवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी त्रिपाल टोप्पो उर्फ गुलाब को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल और नोटबुक जब्त की है। मामले में पांच आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके गांव के त्रिपाल टोप्पो ने ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश से फायदा होने की बात कहते हुए उसे भी इससे जुड़ने के लिए कहा था। त्रिपाल के माध्यम से उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से हुई।
राजकुमार ने उसे बताया कि ऑनलाइन बिटगेट वॉलेट (एलजीएनएस) क्रिप्टो वॉलेट ऐप में पैसा लगाने पर अधिक मुनाफा मिलता है। इसके बाद 19 जुलाई को विद्याचरण होटल फिल आनंदम में आयोजित शेयर मार्केट से संबंधित ट्रेनिंग में पहुंचा। पुलिस के अनुसार वहां कांता प्रसाद राजवाड़े लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से करीब 10-12 लोगों को ऐप में निवेश और कथित मुनाफे के बारे में जानकारी दे रहा था।

10 हजार लेकर एक लाख मिलने का दिया था लालच

आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान राजकुमार पैकरा ने विद्याचरण से 10 हजार रुपए नकद लिए और एक वर्ष में रकम बढ़कर एक लाख रुपए होने का झांसा दिया। बाद में ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 132/26 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इंदरपुर से पकड़ा गया त्रिपाल, मोबाइल में करता था ऐप का उपयोग
पुलिस ने फरार आरोपी त्रिपाल टोप्पो उर्फ गुलाब (53), निवासी इंदरपुर, थाना दरिमा को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित बिटगेट वॉलेट (एलजीएनएस) का उपयोग मोबाइल के माध्यम से करता था। उसके कब्जे से संबंधित मोबाइल और एक नोटबुक जब्त की गई है। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इस तरह के निवेश के प्रचार-प्रसार की जानकारी छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के साथ देश के दूसरे राज्यों में भी होने की बात सामने आई है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने कहा- ज्यादा मुनाफे के लालच में न करें निवेश
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफा मिलने के लालच में किसी भ्रामक या संदिग्ध ऐप के माध्यम से रकम निवेश न करें। निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडेय, राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक नरेंद्र जांगड़े तथा आरक्षक रामशंकर यादव, अनिल परिहार, अनिल सिंह और निरंजन बड़ा की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *