Sarguja express…….
मो. हदीस,
सीतापुर। चोरी के संदेह में पड़ोस में रहने वाली महिला की डंडे से कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की समय पर उपचार नहीं मिलने से मौत हो गई। आरोप है कि महिला की मौत के बाद मामले को दबाने के लिए उसके कफन-दफन की तैयारी की जा रही थी। इसकी भनक लगते ही मोहल्लेवासियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी संजय चौहान (38) पर पड़ोस में रहने वाली मानकी उर्फ संतोषी यादव के साथ चोरी के संदेह में मारपीट करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला की डंडे से बुरी तरह पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि महिला का एक पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोशी की हालत में पड़ी रही।
आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। उपचार के अभाव में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ शव के कफन-दफन की तैयारी में जुटा था। इसी बीच मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतका के पति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

