Sarguja express…..
मो,हदीस
,सीतापुर। माँ मंगरेलगढ़ मंदिर परिसर में पिछले 20 वर्षों से सीमित संसाधनों के बीच संचालित मातृछाया संस्कृत विद्यालय को सीनियर सिटीजन फोरम फॉर सिविल राइट्स, अंबिकापुर द्वारा लगभग दो लाख रुपये नगद एवं सामग्री के रूप में सहयोग प्रदान किया गया। फोरम ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को देखते हुए आर्थिक एवं भौतिक सहयोग उपलब्ध कराया है।
वर्ष 2006 से संचालित इस विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। यहां अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएं अनाथ, गरीब एवं असहाय परिवारों से हैं। विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं आवास की व्यवस्था भी मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से की जाती है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय निरंतर शिक्षा एवं संस्कार का कार्य कर रहा है।
विद्यालय की जानकारी मिलने पर सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष आई.बी. तिवारी, संरक्षक विष्णु अग्रवाल, तारा गुप्ता एवं महेन्द्र सिंह बग्गा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से यहां की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है।

फोरम द्वारा एक शिक्षक के एक वर्ष के वेतन के लिए 60 हजार रुपये का चेक विद्यालय संचालन समिति को प्रदान किया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के लिए पलंग सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने हेतु लगभग एक लाख पचास हजार रुपये का सहयोग दिया गया। फोरम के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी विद्यालय को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विद्यालय संचालन समिति ने सीनियर सिटीजन फोरम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक सहयोग से ऐसे सेवा कार्यों को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर घनश्याम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, रफीक खान, रमेन्द्र सिंह, अंजनी अग्रवाल, रामू, पी.एस. द्विवेदी, रामचंद्र अग्रवाल, बी.डी. सोनी, रामअवतार अग्रवाल, पी. श्रीवास्तव सहित फोरम के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

