Sarguja express…..
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस लाइन रक्षित केंद्र में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने सलामी ली और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को अनुशासन, कार्यकुशलता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के दौरान डीआईजी-एसएसपी ने पुलिस जवानों के टर्नआउट और वेशभूषा का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान बेहतर वेशभूषा और उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर जवान को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।
जनरल परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टोलियां बनाकर परेड कराई गई। इस मौके पर डीआईजी-एसएसपी ने पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण किया और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड समाप्ति के बाद डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने वाहन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी शासकीय वाहनों की स्थिति की जांच कर उनके बेहतर रखरखाव और लॉग बुक को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहनों की बेहतर स्थिति पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिए बेहद जरूरी है।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार और स्टोर शाखा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रों और आर्म्स एम्युनेशन के रखरखाव, साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शस्त्रों का उचित रखरखाव पुलिस की कार्यक्षमता और सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी-एसएसपी ने अधिकारियों और जवानों की सुविधा के लिए संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन एवं पुलिस बैंक का भी जायजा लिया और कर्मचारियों को इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत कुर्रे, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, थाना प्रभारी धौरपुर निरीक्षक सी.आर. चंद्रा, थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज सहित थाना, चौकी एवं कार्यालयों के कुल 184 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस महकमे में इस जनरल परेड को अनुशासन, सजगता और पुलिस व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

