Sarguja express….

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की सरगुजा इकाई द्वारा होली मिलन समारोह 2026 का आयोजन शहर के अग्रसेन भवन में हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सरगुजा इकाई के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल (बाबा दुर्गा नाथ) एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल (होटल पर्पल ऑर्किड) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
समारोह में अंबिकापुर शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई। इसके अलावा श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर के अध्यक्ष सहित समाज के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
सादगीपूर्ण किंतु उत्साह से भरे माहौल में उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। रंगों की उमंग के बीच प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश प्रमुख रूप से झलकता रहा। सभी ने गले मिलकर आपसी सौहार्द को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी अतिथियों ने आनंद लिया। पूरे आयोजन में चैंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष, सरगुजा इकाई के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी अंत तक सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
होली मिलन समारोह ने न केवल व्यापारिक समुदाय को एक मंच पर लाने का कार्य किया, बल्कि सामाजिक समरसता और पारस्परिक सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ किया। उपस्थित सदस्यों ने ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

