Sarguja express….
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ राज्य में आरटीओ ई-चालान से जुड़े साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ठगों द्वारा परिवहन विभाग की वेबसाइट का हूबहू क्लोन पेज तैयार कर आम नागरिकों को फर्जी ई-चालान के नाम पर डराने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही लोगों की व्यक्तिगत जानकारी और बैंक खाते से पैसे चोरी हो रहे हैं।
परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज, लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें। विशेष रूप से शॉर्ट लिंक या संदिग्ध वेबसाइट के माध्यम से भेजे गए संदेशों से सावधान रहें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक ई-चालान की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही उपलब्ध है।
अपने चालान की जांच के लिए नागरिक वेबसाइट पर जाकर ‘पे ऑनलाइन विकल्प चुनें, चालान नंबर और कैप्चा कोड भरें, फिर गेट डिटेल पर क्लिक कर मोबाइल ओटीपी के माध्यम से जानकारी प्राप्त करें। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा जारी सभी ई-चालान की सूचना भी इसी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाती है।
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि किसी अजनबी को ऑनलाइन भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऐप की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

