18 June 2026
शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पहल, पहाड़ी कोरवा समुदाय पर विशेष फोकस
ख़बर जरा हटके ग्राउंड रिपोर्ट देश पहल प्रशासन राज्य शिक्षा

शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पहल, पहाड़ी कोरवा समुदाय पर विशेष फोकस

Sarguja express……

मैनपाट
नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने एवं विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड मैनपाट में विशेष सर्वे अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत पेंट, पीड़िया, चैनपुर, रजखेता, कतकालो एवं नर्मदापुर में निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों के 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है।

इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने पहाड़ी कोरवा बसाहट घोराघाट का भ्रमण कर समुदाय के अभिभावकों के साथ पेड़ के नीचे चौपाल आयोजित की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा शाला एवं पहाड़ी कोरवा आश्रम में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित किया।साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय क़े शिक्षा में आ रही रूकावटो को समझा.

विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने कहा कि “शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सर्वे अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे तथा सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन हो।”

उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक पहाड़ी कोरवा परिवार तक पहुंचकर सर्वे कार्य पूर्ण करें तथा स्कूल आयु वर्ग के सभी बच्चों का प्रवेश विद्यालय अथवा पहाड़ी कोरवा आश्रम में सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक कमलेश सिंह, शिक्षक महेश यादव, सत्यनारायण यादव, राकेश कैवर्तय, कस्टू राम, सुभाष सिंह, धर्म सिंह राठिया, योगेश्वर सुमन सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *