18 September 2026
रसूलपुर हत्याकांड: झारखंड से दबोचा गया चौथा आरोपी, पिस्टल-चाकू और 6 जिंदा कारतूस बरामद
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

रसूलपुर हत्याकांड: झारखंड से दबोचा गया चौथा आरोपी, पिस्टल-चाकू और 6 जिंदा कारतूस बरामद

Sarguja express….
किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर किया था हमला; पुलिस का दावा—पारिवारिक रंजिश में दामाद ने रची ससुर की हत्या की साजिश, तीन आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला करने और बाद में उनकी मौत के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने प्रकरण में शामिल चौथे आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25) को चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, एक नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस इस मामले में इससे पहले नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

किराएदार बनकर पहुंचे थे हमलावर, बातचीत के बीच चाकू से हमला

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे तीन व्यक्ति रसूलपुर निवासी सादिया शारीन सिद्दीकी के घर किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। तीनों उनके पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर वसीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य संबंधित धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी।

पुलिस का दावा—तलाक के विवाद की रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार मृतक की बेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ न्यायालय में तलाक का मामला चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर उसे और मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि पारिवारिक विवाद की पुरानी रंजिश के चलते दामाद ने अपने ससुर की हत्या करवाने की साजिश रची। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की है।
झारखंड तक पहुंची पुलिस, चौथा आरोपी चढ़ा हत्थे
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। जिले के सीमावर्ती रास्तों पर नाकेबंदी और आरोपियों की तलाश के बीच तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने चौथे आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता, निवासी ग्राम खुटार खुर्द, थाना चैनपुर, जिला पलामू झारखंड को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात के समय पहने कपड़े रास्ते में फेंक देने की जानकारी दी है, लेकिन वह स्थान नहीं बता सका। पुलिस अब मामले की कड़ियां जोड़ने के साथ अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *