Sarguja express….
बेलखेरिखा में चोरों ने शक्कर और चना भी उड़ाया; बड़ी मात्रा में सामान ले जाने वाहन के इस्तेमाल की आशंका
अंबिकापुर। लखनपुर जनपद पंचायत के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलखेरिखा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में राशन ले गए। दुकान संचालक सुभाष सिंह मरकाम ने घटना की सूचना दरिमा थाने में दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने बीती रात दुकान को निशाना बनाया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक मौके पर पहुंचे। जांच करने पर दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर रखा राशन गायब था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर करीब आठ क्विंटल चावल, नौ बोरी शक्कर और दो बोरा चना ले गए हैं। चोरी गए राशन की कुल मात्रा और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दुकान संचालक सुभाष सिंह मरकाम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर दुकान में किस समय दाखिल हुए और चोरी के बाद किस दिशा में गए।
दुकान से एक साथ इतनी बड़ी मात्रा में राशन ले जाने के लिए ट्रैक्टर या पिकअप जैसे वाहन के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन चोरी होने से ग्रामीणों में चिंता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी गए राशन तथा आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

