Sarguja express…..
*जशपुर/अंबिकापुर।* छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के रहने वाले भारतीय एथलीट अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
अनिमेष कुजूर की टीम ने फाइनल में 41.06 सेकंड का समय दर्ज किया। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने 41.35 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। फाइनल में चीन ने 40.78 सेकंड के साथ स्वर्ण और थाईलैंड ने 40.87 सेकंड के साथ रजत पदक जीता, जबकि भारत 41.06 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
भारतीय मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले टीम में गुरिंदरवीर सिंह, स्नेहा एसएस, अनिमेष कुजूर और हरिता भद्रा शामिल रहे। बारिश से प्रभावित ट्रैक पर भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कांस्य पदक हासिल किया।
जशपुर में जन्मे अनिमेष कुजूर की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। अनिमेष के पिता अमृत कुजूर छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। बेटे की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि ने परिवार के साथ-साथ जशपुर और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
एशियन गेम्स के मंच पर तिरंगे के साथ खड़े अनिमेष और उनके साथी खिलाड़ियों की तस्वीरें अब छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय बन गई हैं। चोट के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने वाले अनिमेष कुजूर को प्रदेशभर से बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
जशपुर की मिट्टी से निकले इस युवा खिलाड़ी ने एक बार फिर साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का नाम रोशन करने का माद्दा रखती हैं। 🇮🇳🥉

