Sarguja express…..
एसडीएम प्राची ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर किया 2.023 हेक्टेयर शासकीय भूमि का चिन्हांकन, महिला की जमीन दूसरे खसरा नंबर पर होने की दी जानकारी
मो.हदीस,सीतापुर– ग्राम पंचायत रजौटी और ललितपुर के बीच धान खरीदी केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान आखिरकार शनिवार को प्रशासनिक पहल से समाप्त हो गई। एसडीएम प्राची ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा में धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया। हालांकि, भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद एक महिला द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना सामने आने से पूरे मामले में नया मोड़ आ गया। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति ग्राम पंचायत रजौटी के लिए हुई थी, लेकिन बाद में केंद्र का निर्माण ललितपुर में कराने की पहल शुरू कर दी गई। इस पर रजौटी के किसानों ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। इसके बाद दोनों गांवों के किसानों के बीच केंद्र निर्माण के स्थान को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। काफी प्रयासों के बावजूद आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण धान खरीदी केंद्र का मामला लंबे समय से उलझा हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को एसडीएम प्राची ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने संबंधित भूमि का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा स्थित खसरा नंबर 109 की कुल 5.855 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 2.023 हेक्टेयर भूमि धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की। इस दौरान संबंधित भूमि पर काबिज सभी लोग भी मौके पर उपस्थित थे। प्रशासन की इस पहल से दोनों पंचायतों के बीच चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया और केंद्र निर्माण का रास्ता साफ हो गया।
*भूमि चिन्हांकन के बाद महिला के जहर सेवन से आया नया मोड़-
भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद एक 55 वर्षीय महिला पियासो बाई पति मेघनाथ लकड़ा द्वारा जहर सेवन किए जाने की खबर सामने आई।बताया जा रहा है कि मेघनाथ का परिवार उक्त भूमि पर वर्षों से काबिज़ था ,प्रसाशनिक अमला मौके पर पहुंच कर वह भूमि अतिक्रमण मुक्त करा उसपर धान खरीदी केंद्र निर्माण हेतु चिन्हित कर दिया गया जिससे पूरा परिवार सदमे में आ गया और परिवार की महिला पियासो ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में एसडीएम प्राची ठाकुर ने बताया कि महिला को जमीन को लेकर गलतफहमी हो गई थी, जिसके चलते उसने जहर सेवन कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला की जमीन चिन्हांकित शासकीय भूमि पर नहीं, बल्कि दूसरे खसरा नंबर पर स्थित है। मौके पर सभी संबंधित कब्जाधारी भी उपस्थित थे। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धान खरीदी केंद्र का निर्माण होने से रजौटी और ललितपुर दोनों गांवों के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत के साथ धान विक्रय की प्रक्रिया भी सुविधाजनक होगी।
एक ओर जहां प्रशासनिक पहल से दो पंचायतों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद सुलझ गया, वहीं दूसरी ओर महिला के जहर सेवन की घटना ने इस पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील बना दिया। अब भूमि की स्थिति स्पष्ट होने और निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद क्षेत्र के किसानों को धान खरीदी केंद्र का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इस मौके पर दोनों गांवों के ग्रामीण, संबंधित कब्जाधारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

