26 September 2026
घर में चल रही थी ‘नकली शराब की फैक्ट्री’, आबकारी टीम ने मारा छापा……2500 नकली ढक्कन, 200 रैपर और 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त; नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर बेचने की तैयारी, आरोपी जेल दाखिल
Uncategorized कार्रवाई क्राइम देश प्रशासन बड़ी खबर राज्य

घर में चल रही थी ‘नकली शराब की फैक्ट्री’, आबकारी टीम ने मारा छापा……2500 नकली ढक्कन, 200 रैपर और 12 लीटर मिलावटी शराब जब्त; नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर बेचने की तैयारी, आरोपी जेल दाखिल

Sarguja express…..
अंबिकापुर/सूरजपुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने सूरजपुर जिले के कुमदा बस्ती में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से मिलावटी शराब तैयार करने के मामले का भंडाफोड़ किया है। एक मकान में दबिश के दौरान टीम को करीब 2500 नग विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलों के ढक्कन, 200 नकली लेबल-रैपर, बड़ी संख्या में खाली शीशियां तथा करीब 12 लीटर मिलावटी शराब मिली। मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार 25 सितंबर को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में गश्त पर निकली थी। शाम को कुमदा चौक के पास टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में कथित रूप से मिलावट कर उसे बेचता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसके मकान में दबिश दी।

कमरे का दरवाजा खुला तो ढक्कन-रैपर का जखीरा

आबकारी विभाग के अनुसार मकान की तलाशी के दौरान एक कमरे में पहुंचते ही टीम को बड़ी मात्रा में शराब की बोतलों के ढक्कन, विभिन्न ब्रांड के लेबल-रैपर, खाली शीशियां और शराब मिली। जांच में करीब 2500 ढक्कन और 200 लेबल बरामद किए गए। इसके अलावा मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू सहित विभिन्न ब्रांड की बोतलों में भरी करीब 12 लीटर कथित मिलावटी शराब जब्त की गई।
विभाग का कहना है कि मौके पर मिले ढक्कन, लेबल और खाली बोतलों को देखते हुए शराब को अलग-अलग ब्रांड की बोतलों में भरकर खपाए जाने की आशंका है। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी अधिनियम की चार धाराओं में कार्रवाई

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग के मुताबिक 26 सितंबर को आरोपी को सूरजपुर न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई के बाद जेल दाखिल किया जा रहा है।
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इसमें आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी तथा नगर सैनिक रोहित सोनवानी सहित टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।

अवैध शराब बनाने वालों पर जारी रहेगा शिकंजा

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अनुसार मिलावटी शराब से होने वाली गंभीर घटनाओं को देखते हुए आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा अवैध शराब निर्माण और मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा के प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध एवं मिलावटी शराब तैयार कर बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *