Surguja express…..
मो.हदीस,
सीतापुर– वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट से पवित्र गंगाजल लेकर चोरकी पानी धाम की ओर निकली महायात्रा 360 के कांवरियों की टोली ने 11 दिनों की कठिन पदयात्रा पूरी कर रविवार को सीतापुर में प्रवेश किया। कांवरियों के नगर पहुंचते ही पूरा सीतापुर भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से कांवरियों का स्वागत किया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा नगर गूंजता रहा।
महायात्रा 360 का यह लगातार पांचवां वर्ष है। वाराणसी के अस्सी घाट से चोरकी पानी धाम तक करीब 419 किलोमीटर की यात्रा बारिश, धूप और गर्मी के बीच आस्था व भक्ति के साथ जारी है। इस वर्ष कांवरियों एवं सेवा दल को मिलाकर करीब 150 सदस्य इस धार्मिक यात्रा में शामिल हैं।
सीतापुर में कांवरियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए। ग्राम बमलाया में एमएलए एजुकेशन सेंटर के सदस्यों ने कांवरियों का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सीतापुर भाजपा मंडल की ओर से सोनतराई चौक से नगर तक ढोल-नगाड़ों और नृत्य दल के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे और कांवरियों का उत्साह बढ़ाया।
सीतापुर अग्रसेन भवन में सहयोग फाउंडेशन की ओर से कांवरियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं चोरकी पानी मंदिर धाम समिति के सदस्यों ने फूल-माला पहनाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। अलग-अलग स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों के चलते पूरे नगर में दिनभर धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

विधायक रामकुमार टोप्पो भी यात्रा में शामिल
महायात्रा में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो भी कांवरियों के साथ करीब 419 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर 24 अगस्त को चोरकी पानी धाम पहुंचकर वे स्वयंभू शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।
जलाभिषेक कार्यक्रम को लेकर चोरकी पानी धाम मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, जलपान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं कांवरियों की सुरक्षा के मद्देनजर अंबिकापुर से चोरकी पानी धाम तक पुलिस बल की तैनाती की गई है।
24 अगस्त को चोरकी पानी धाम में पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक के साथ महायात्रा 360 का धार्मिक समापन होगा।







