16 August 2026
ब्रेकिंग न्यूज़….सरगुजा में आकाशीय बिजली के झटके से नदी में बहा ग्रामीण, उपचार के दौरान मौत
Uncategorized

ब्रेकिंग न्यूज़….सरगुजा में आकाशीय बिजली के झटके से नदी में बहा ग्रामीण, उपचार के दौरान मौत

Sarguja express

भाई के साथ मवेशी चराकर लौट रहा था, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़ा दम

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में मवेशी चराकर घर लौट रहे 47 वर्षीय ग्रामीण की आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना 14 अगस्त की बताई जा रही है। मृतक की पहचान ग्राम बिसिन पस्ता निवासी करम साय, पिता स्व. जगत के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार करम साय 14 अगस्त को अपने भाई राजेश के साथ मवेशी चराने गया था। शाम को दोनों वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान क्षेत्र में बारिश हो रही थी। रास्ते में नदी पार करते समय राजेश पहले नदी पार कर दूसरी ओर पहुंच गया, जबकि करम साय उसके पीछे आ रहा था।
बताया गया कि इसी दौरान अचानक नदी के आसपास आकाशीय बिजली गिरी। बिजली के तेज झटके से करम साय अचेत होकर नदी के पानी में बहने लगा। घटना देख उसके भाई और अन्य लोगों ने किसी तरह उसे पानी से बाहर निकाला।


परिजन तत्काल करम साय को उपचार के लिए राजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां उसका उपचार चल रहा था। रविवार को उपचार के दौरान करम साय की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *