Sarguja express
अंबिकापुर।
सरगुजा जिले के रघुनाथपुर उपतहसील अंतर्गत ग्राम सिलसिला के किसानों ने माँ कुदरगढ़ी मिनरल्स फैक्ट्री पर कृषि कार्य में बाधा पहुंचाने और फसल बर्बाद करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने उप तहसीलदार रघुनाथपुर को आवेदन सौंपकर फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने और खेतों में भरे पानी की तत्काल निकासी कराने की मांग की है।
आवेदन में ग्रामवासियों ने बताया कि वे ग्राम सिलसिला स्थित अपनी कृषि भूमि पर खेती करते हैं। इसी गांव में संचालित माँ कुदरगढ़ी मिनरल्स फैक्ट्री द्वारा बॉक्साइट का बड़े पैमाने पर भंडारण किए जाने से बांधनुमा संरचना बन गई है। किसानों का आरोप है कि इसके कारण बारिश का पानी खेतों से बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे उनकी कृषि भूमि और खड़ी फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि फसल नष्ट होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार के भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन कराने, उचित मुआवजा दिलाने तथा खेतों में जमा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामवासी उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन की होगी। आवेदन एकलव्य सोनाराम सहित ग्राम सिलसिला के ग्रामीणों की ओर से उप तहसीलदार रघुनाथपुर को सौंपा गया है।

