Sarguja express…..



अंबिकापुर। स्वतंत्रता दिवस पर घोषित ड्राई डे के बीच अवैध शराब बिक्री के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता एवं जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बाबूपारा में दबिश देकर आनंद सोनी के कब्जे से कुल 27.2 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की एवं माल्ट जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार 15 अगस्त को टीम अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आनंद सोनी ऑटो से घूम-घूमकर शराब बेच रहा है और किराए के कमरे में शराब का भंडारण किया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने बाबूपारा स्थित मकान में दबिश दी। आरोपी ऑटो से निकलने की तैयारी में था, तभी उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी में ऑटो में रखे पिट्ठू बैग से 7 नग 8 पीएम व्हिस्की मिली। किराए के मकान के फ्रिज से 12 नग सिंबा बीयर और 6 नग गॉडफादर बीयर, जबकि कमरे से 13 नग 8 पीएम व्हिस्की तथा 16 नग सिंबा केन बीयर बरामद की गई। टीम ने शराब के साथ इलेक्ट्रॉनिक ऑटो और फ्रिज भी जब्त किया है।

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय एवं एल.के. गायकवाड़ के निर्देशन तथा रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू द्वारा की गई। कार्रवाई में टी.आर. केहरी, आकाश साहू, राहुल भगत, अनिल गुप्ता, प्रिया गुप्ता एवं सरिता साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


