14 September 2026
गंभीर आपराधिक मामले में FIR के बाद NSUI उपाध्यक्ष ज्ञान तिवारी पर कांग्रेस का एक्शन, तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित
कार्रवाई देश नियम फैसला राजनीति राज्य

गंभीर आपराधिक मामले में FIR के बाद NSUI उपाध्यक्ष ज्ञान तिवारी पर कांग्रेस का एक्शन, तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित

Sarguja express

अंबिकापुर। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने एनएसयूआई प्रभारी एवं उपाध्यक्ष ज्ञान तिवारी के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद बड़ी कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ज्ञान तिवारी को तत्काल प्रभाव से पार्टी के छात्र विंग सहित कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और सभी संगठनात्मक पदों से निलंबित कर दिया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक की ओर से 14 सितंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न समाचार माध्यमों से ज्ञान तिवारी के खिलाफ थाना गांधीनगर, अंबिकापुर में गंभीर आपराधिक मामले में अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोप पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और आदर्श आचरण के प्रतिकूल हैं।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि एक अनुशासित राजनीतिक दल होने के नाते पार्टी ऐसे किसी भी आचरण को स्वीकार नहीं कर सकती, जो कानून और नैतिकता के विरुद्ध हो।

कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई

पत्र के मुताबिक मामला सामने आने के बाद ज्ञान तिवारी को 24 घंटे के भीतर जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी के छात्र विंग समेत प्राथमिक सदस्यता एवं सभी संगठनात्मक पदों से निलंबित करने का निर्णय लिया।

साथ ही कांग्रेस ने तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। जवाब नहीं मिलने की स्थिति में स्थायी निष्कासन की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।

निलंबन अवधि के दौरान ज्ञान तिवारी पार्टी के नाम, बैनर और पद का उपयोग किसी भी सार्वजनिक या निजी मंच पर नहीं कर सकेंगे। पत्र की प्रतिलिपि एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे और सरगुजा जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *