6 August 2026
एमपी से तस्करी कर लाई गई 162 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त….18 पेटियों में छिपाकर रखी थी शराब, आबकारी उड़नदस्ता की कार्रवाई में पंच सहित दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई क्राइम बड़ी खबर राज्य

एमपी से तस्करी कर लाई गई 162 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त….18 पेटियों में छिपाकर रखी थी शराब, आबकारी उड़नदस्ता की कार्रवाई में पंच सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Sarguja express….

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा की टीम ने मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीम ने थाना उदयपुर क्षेत्र के नुनेरा गांव में छापेमारी कर 18 पेटियों में रखी 900 पाव (162 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना उदयपुर अंतर्गत भदवाही गांव निवासी गौरव जायसवाल मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में विदेशी शराब लाकर नुनेरा गांव के पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर में रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रंजीत गुप्ता ने संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम के साथ तत्काल नुनेरा गांव में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान ब्रिजलाल पैकरा के घर से 18 पेटियों में रखी मध्यप्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की बरामद हुई। जांच में कुल 900 पाव, यानी 162 लीटर शराब जब्त की गई। पूछताछ में ब्रिजलाल पैकरा ने स्वीकार किया कि उसके घर में रखी शराब भदवाही निवासी गौरव जायसवाल की है।
इसके बाद आबकारी टीम ब्रिजलाल को साथ लेकर गौरव जायसवाल के घर पहुंची। पूछताछ में गौरव जायसवाल ने भी बरामद शराब अपनी होना स्वीकार कर लिया। दोनों के बयान और बरामदगी के आधार पर आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार जब्त शराब मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाकर क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई में नगर सैनिक रोहित सोनवानी एवं ओम प्रकाश गुप्ता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *