Sarguja express…..
अंबिकापुर। शहर में होने वाली द्वितीय सुसीमा ट्रॉफी अखिल भारतीय ओपन क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता-2026 इस बार और रोमांचक होने जा रही है। प्रतियोगिता में कोलकाता के अंतरराष्ट्रीय मास्टर कौस्तुभ कुंडु भी अपनी चालों का दम दिखाएंगे। उनके शामिल होने से प्रतियोगिता में मुकाबला और कड़ा होने की उम्मीद है। सुसीमा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम स्थित बहुउद्देशीय सभागार में शुरू होगी। प्रतियोगिता में कुल 3 लाख 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि रखी गई है। आयोजकों के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों से करीब 400 शतरंज खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
कोलकाता के अंतरराष्ट्रीय मास्टर कौस्तुभ कुंडु के प्रतियोगिता में शामिल होने की पुष्टि के बाद खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ गया है। चेकमेट जशपुर की राष्ट्रीय रेटिंग प्रतियोगिता के विजेता रह चुके कौस्तुभ इससे पहले इटली, फ्रांस, स्पेन और बांग्लादेश में आयोजित शतरंज मुकाबलों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। सुसीमा वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव विश्वास तिवारी ने बताया कि यह खुली प्रतियोगिता है। इसमें किसी भी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर है। इसके बाद पंजीयन कराने वाले खिलाड़ियों को 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालय भी होंगे सम्मानित
प्रतियोगिता को लेकर सरगुजा संभाग के विद्यालयों से भी सकारात्मक रुझान मिल रहा है। विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों की सहभागिता और प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यालयों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी अपने-अपने जिले के शतरंज संघ अथवा प्रतियोगिता के निर्णायक एसएनए प्रदीप मंडल से संपर्क कर सकते हैं।

