12 September 2026
अंबिकापुर के कलाकार गोविन्द विश्वास की कला पहुंची प्रधानमंत्री तक, नरेंद्र मोदी ने स्वीकार किया विशेष चित्र…. गोविंद अंबिकापुर विवेकानंद स्कूल के रह चुके हैं छात्र
ख़बर जरा हटके कला देश पहल बड़ी खबर राज्य

अंबिकापुर के कलाकार गोविन्द विश्वास की कला पहुंची प्रधानमंत्री तक, नरेंद्र मोदी ने स्वीकार किया विशेष चित्र…. गोविंद अंबिकापुर विवेकानंद स्कूल के रह चुके हैं छात्र

Sarguja express…..

वडोदरा में प्रधानमंत्री को भेंट की गई कलाकृति, गोविन्द बोले— वर्षों की कला-साधना का मिला अविस्मरणीय सम्मान

अंबिकापुर। कला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके समकालीन चित्रकार गोविन्द विश्वास के लिए 8 सितंबर 2026 का दिन यादगार बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा आगमन के अवसर पर गोविन्द विश्वास द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया चित्र उन्हें भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कलाकृति को स्वीकार किया। इस उपलब्धि को गोविन्द विश्वास ने अपने जीवन और कला-यात्रा का महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक पड़ाव बताया है।

वडोदरा में कला-साधना कर रहे गोविन्द विश्वास जीवीएफ फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं। वह अंबिकापुर विवेकानंद स्कूल के छात्र रह चुके हैं.सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले गोविन्द का कहना है कि प्रधानमंत्री तक उनकी कलाकृति पहुंचना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, प्रयोग और कला-साधना को मिला सम्मान है।

‘मेरे जीवन की अमूल्य स्मृति बन गया यह क्षण’

गोविन्द विश्वास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनके बनाए चित्र को स्वीकार किया जाना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। एक कलाकार के रूप में यह बेहद भावनात्मक क्षण था कि उनकी कला देश के प्रधानमंत्री तक पहुंची। उन्होंने कहा कि यह स्मृति जीवनभर उनके साथ रहेगी और भविष्य में बेहतर एवं सार्थक कलाकृतियां तैयार करने के लिए प्रेरित करेगी।

गोविन्द विश्वास अपनी विशिष्ट ‘इम्प्रिण्टो तकनीक’ के लिए जाने जाते हैं। इस तकनीक के माध्यम से वे पारदर्शिता, स्मृति, समय, प्रकृति और मानवीय अनुभवों जैसे विषयों को चित्रों में अभिव्यक्त करते हैं। वर्षों के प्रयोग और शोध के बाद उन्होंने अपनी यह विशिष्ट कलाभाषा विकसित की है।

देश की सांस्कृतिक चेतना से जुड़ी कला रचने की मिली प्रेरणा

गोविन्द विश्वास के अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा उनकी कलाकृति स्वीकार किया जाना उनकी कला-यात्रा का ऐसा पड़ाव है, जिसने नई ऊर्जा दी है। अब वे देश की संस्कृति और सामाजिक चेतना से जुड़े विषयों पर और अधिक सार्थक कलाकृतियां तैयार करना चाहते हैं।

उन्होंने इस अवसर को संभव बनाने में सहयोग करने वाले साथियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताते हुए कहा, “मेरे लिए यह केवल एक चित्र का भेंट किया जाना नहीं, बल्कि वर्षों की कला-साधना का प्रधानमंत्री तक पहुंचना है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 8 सितंबर 2026 की वडोदरा यात्रा से संबंधित आधिकारिक जानकारी भारत सरकार के नागरिक सहभागिता मंच माईगव इंडिया के सोशल मीडिया माध्यम पर भी साझा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *