26 April 2026
अंबिकापुर आगकांड: मुकेश पटाखा एजेंसी संचालक पर FIR, तीन मंजिला इमारत बनी खतरा
कार्रवाई क्राइम राज्य शिकायत हादसा

अंबिकापुर आगकांड: मुकेश पटाखा एजेंसी संचालक पर FIR, तीन मंजिला इमारत बनी खतरा

Sarguja express…..

अंबिकापुर। शहर के राम मंदिर के सामने स्थित गली में मुकेश प्लास्टिक-पटाखा होलसेल एजेंसी में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संचालक मुकेश अग्रवाल और उनके करीबी रिश्तेदार प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर उनके पड़ोसी प्रफुल्ल पांडेय की शिकायत पर कोतवाली थाने में दर्ज की गई है, जिनका मकान भी इस आगजनी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 270 और 287 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। शिकायतकर्ता प्रफुल्ल पांडेय ने आरोप लगाया है कि मुकेश और प्रवीण अग्रवाल द्वारा भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था, जिसके कारण आग लगने के बाद भयंकर विस्फोट हुआ और आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब इमारत की ऊपरी मंजिल में लिफ्ट लगाने के लिए गैस वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान प्लास्टिक और थर्मोकोल के सामान में आग लग गई, जो कुछ ही समय में बेकाबू होकर पूरी इमारत में फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि निचली मंजिलों तक पहुंचते-पहुंचते विस्फोटों की आवाजें दूर तक सुनाई देने लगीं।
आग बुझाने के लिए दरिमा एयरपोर्ट, अडानी माइंस और एसईसीएल विश्रामपुर की फायर ब्रिगेड टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, आग पर काबू पाने के बाद भी इमारत के भीतर 55 घंटे तक सुलगन बनी रही। इस दौरान लाखों रुपये का प्लास्टिक और पटाखों का स्टॉक जलकर खाक हो गया।

इस हादसे में आसपास के कम से कम छह मकान प्रभावित हुए हैं। प्रफुल्ल पांडेय ने बताया कि उनके घर का इंटीरियर पूरी तरह जल गया है और दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे मकान रहने योग्य नहीं रह गया। वहीं, मुकेश प्लास्टिक की तीन मंजिला इमारत पूरी तरह से ध्वस्त होकर अब सिर्फ दो खंभों के सहारे खड़ी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने एसडीएम, सीएसपी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की संयुक्त जांच टीम गठित की है, जिसे सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *