27 July 2024
मोबाइल पर लड़के से बात करने पर थी शंका.. कर दी हत्या, ससुर,पति सहित चार गिरफ्तार
Uncategorized कार्रवाई क्राइम राज्य

मोबाइल पर लड़के से बात करने पर थी शंका.. कर दी हत्या, ससुर,पति सहित चार गिरफ्तार

मोबाइल पर लड़के से बात करने पर थी शंका.. कर दी हत्या, ससुर,पति सहित चार गिरफ्तार

बलरामपुर क्षेत्र में विवाहिता का कुएं में मिला था शव

अम्बिकापुर।बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत चेरा में नवविवाहित महिला का शव कुएं में मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर एवं देवर को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह मोबाइल में बात करने को लेकर चरित्र शंका बनीं। ससुर ने उसे रात को कुएं के पास मोबाइल पर बात करता देख गड़ासा से मार डाला। मृतिका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी को दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाया था। मामला डिंडो चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, चेरा निवासी विवाहिता पूजा यादव (22) का शव बुधवार को घर के पास कुएं में पड़ा मिला था। झारखंड के ग्राम लवालीकला निवासी पूजा यादव का विवाह एक वर्ष पूर्व चेरा के आशीष यादव के साथ हुआ था। ससुरालियों ने पूजा के पिता को फोन पर सूचना दी थी कि वह किसी लड़के के साथ भाग गई है।
पूजा के पिता राजेंद्र यादव ने अपने परिचित को पूजा के ससुराल भेजा था, जहां उसने कुएं में पूजा यादव का शव देखकर राजेंद्र यादव को सूचना दी थी। झारखंड से बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग पहुंच गए तो पूजा का पति आशीष यादव सहित पूरा परिवार घर छोड़कर भाग गया। हंगामें की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। डिंडो पुलिस ने शार्ट पीएम रिपोर्ट में सिर में गहरी चोट के कारण पूजा यादव की मौत होने का उल्लेख किए जाने पर धारा 302, 201, 34 का अपराध पति आशीष यादव (23), ससुर जयप्रकाश यादव (42), सास रीता यादव (42) एवं नाबलिग देवर के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूजा यादव अकसर फोन पर किसी से बात करती थी। इसके कारण परिवाजनों को शक था कि वह किसी दूसरे लड़के से बात करती है। घटना दिनांक 14 मई की रात 11 बजे जयप्रकाश यादव गांव के सरपंच के घर बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। उसने देखा कि पूजा यादव घर से कुछ दूर कुएं के पास किसी से बात कर रही थी। जयप्रकाश यादव को शंका हुई कि वह किसी लड़के से बात कर रही है। इससे आक्रोशित होकर उसने पशुओं का चारा काटने वाले गड़ासा लाकर उसके सिर पर वार कर दिया। सिर में गहरी चोट के कारण उसकी मौत हो गई। पूजा यादव की हत्या के बाद जयप्रकाश यादव ने पत्नी रीता यादव, बेटे आशीष एवं उसके नाबालिग भाई के साथ मिलकर पूजा यादव के शव को कुएं में डाल दिया। सुबह जब कुएं में उसका शव लोगों ने देख लिया तो उसने स्वयं डिंडो चौकी जाकर शव मिलने की सूचना दी थी।

पुलिस ने तीन आरोपियों को कोर्ट में एवं नाबालिग को बाल न्यायालय में पेश किया। तीन आरोपियों को जेल एवं एक आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले की जांच में त्रिकुंडा थाना प्रभारी रामनगीना यादव, डिंडो चौकी प्रभारी निर्मल राजवाड़े, एएसआई मरियानुस खलखो, नरेंद्र तिवारी की टीम सक्रिय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *