13 August 2026
CG PSC की तैयारी करने अंबिकापुर आई छात्रा की मौत, किराए के कमरे में मिली
क्राइम बड़ी खबर राज्य

CG PSC की तैयारी करने अंबिकापुर आई छात्रा की मौत, किराए के कमरे में मिली

Sarguja express……

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CG PSC) की तैयारी के लिए अंबिकापुर आई 26 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त करने के साथ ही एसएफएल टीम से भी कमरे की जांच कराई है।

जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के फरसाबहार निवासी तनुजा पैकरा ने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद CG PSC की तैयारी के लिए 25 जुलाई को अंबिकापुर आई थी। उसने गांधीनगर थाना क्षेत्र में गांधी चौक के पास स्थित एक मकान में किराए का कमरा लिया था। मकान के अन्य कमरों में भी छात्राएं रह रही थीं।

बुधवार सुबह एक छात्रा तनुजा के कमरे में पहुंची, जहां वह गंभीर हालत में मिली। इसकी जानकारी मकान मालिक को दी गई। मकान मालिक और पड़ोसी की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना गांधीनगर पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही जशपुर से परिजन अंबिकापुर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा एसएफएल टीम से भी जांच कराई।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस छात्रा की मौत के कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *