Sarguja express
अंबिकापुर। खरसिया चौक और महामाया मंदिर द्वार के बीच रिंग रोड पर स्थित ड्रीम फर्निशिंग दुकान के बाहर शुक्रवार रात अज्ञात बाइक सवारों ने सुतली बम फेंक दिया। तेज धमाके से आसपास के लोग चौंक गए और इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट से दुकान के बाहर कुछ नुकसान हुआ है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान संचालक की सूचना पर शनिवार सुबह कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, आरजू होटल के समीप स्थित ड्रीम फर्निशिंग के संचालक अयाज आलम शुक्रवार को दुकान बंद कर गौसिया नगर स्थित अपने घर चले गए थे। रात करीब 10:20 बजे मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अज्ञात लोगों ने बंद दुकान के बाहर सुतली बम जलाकर फेंका और वहां से फरार हो गए। कुछ ही देर में तेज विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग चौंक गए।
देर रात सोने से पहले अयाज आलम ने मोबाइल पर दुकान के सीसीटीवी कैमरे की गतिविधियां देखीं। फुटेज में विस्फोट की जानकारी मिलने पर वे तत्काल दुकान पहुंचे। वहां दुकान के बाहर धमाके से हुए नुकसान और सुतली बम के अवशेष मिले। इसके बाद उन्होंने शनिवार सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है। बाइक सवार दोनों व्यक्ति कौन थे और बंद दुकान के बाहर बम फेंकने का उनका उद्देश्य क्या था, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई पुराना विवाद या अन्य कारण तो नहीं है।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस तरह का बम स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध नहीं होता। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही विस्फोट की प्रकृति और आरोपियों के मकसद के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

