Sarguja express…..
अंबिकापुर में आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, 207 नग नशीली कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद; उत्तर प्रदेश से दवाएं लाने का किया खुलासा
अंबिकापुर। शहर में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने सोमवार को सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर करीब दो लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। कार्रवाई में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पहले मेडिकल स्टोर से दवाओं की खरीद कराई गई। खरीदी में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की पुष्टि होने के बाद आबकारी टीम ने सोमवार को मेडिकल स्टोर में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक राजेश समद्दार मौके पर मौजूद मिला। हालांकि, दुकान की तलाशी में कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद टीम ने दुकान के पीछे स्थित कमरे की जांच की, जहां से संचालक ने स्वयं प्रतिबंधित दवाओं का भंडार बरामद कराया। इसमें 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 नग एपकोर्स कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट शामिल हैं। इस तरह कुल 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त की गईं। जब्त दवाओं का बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये आंका गया है।
आबकारी विभाग ने आरोपी राजेश समद्दार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से नशीली दवाओं की खेप लेकर आता था। अब आबकारी विभाग इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगा है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने नशीली दवाओं का कारोबार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री गंभीर अपराध है और एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर सजा का प्रावधान है। उन्होंने कारोबारियों से इस अवैध धंधे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि चंद रुपयों के लालच में युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में धकेलना समाज और परिवार दोनों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडेय, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

