Sarguja express
अंबिकापुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों अपने घर के पीछे बाड़ी में गांजा छिपाकर रखे हुए थे और कागज व प्लास्टिक की पन्नियों में 50 और 100 रुपये की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 640 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड चठिरमा निवासी रिपन बाला अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर के पीछे बाड़ी में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गांधीनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने मौके से रिपन बाला (53 वर्ष), पिता स्व. महानंद बाला और उसकी पत्नी को पकड़ा। तलाशी के दौरान घर के पीछे बाड़ी के पास छिपाकर रखे सफेद रंग के प्लास्टिक झोले से कुल 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

