19 November 2026
### सड़क नहीं थी, फिर भी नहीं रुकी 108 की रफ्तार; डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर प्रसूता को पहुंचाया अस्पताल
ख़बर जरा हटके देश पहल प्रशासन बड़ी खबर राज्य विडम्बना समस्या स्वास्थ

### सड़क नहीं थी, फिर भी नहीं रुकी 108 की रफ्तार; डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर प्रसूता को पहुंचाया अस्पताल

Sarguja express…..

पगडंडी के रास्ते स्ट्रेचर पर उठाकर ले गए एंबुलेंस कर्मी, उदयपुर अस्पताल में महिला ने दिया चार बच्चों को जन्म, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले के दूरस्थ और पहुंचविहीन इलाकों में आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव किस तरह लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है, इसकी एक बानगी बुधवार को उदयपुर विकासखंड के ग्राम सेमी घोघरा में देखने को मिली। यहां प्रसव पीड़ा से कराह रही पंडो जनजाति की 24 वर्षीय महिला सीमा को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों को करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। सड़क नहीं होने के बावजूद कर्मचारियों ने हार नहीं मानी और प्रसूता को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर विकासखंड के ग्राम सेमी घोघरा निवासी सीमा को बुधवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुन्नी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात 108 एंबुलेंस के ईएमटी ममता सिंह पैकरा और पायलट भुवनेश्वर राजवाड़े मौके के लिए रवाना हुए।

गांव तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस प्रसूता के घर तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में दोनों कर्मचारियों ने स्ट्रेचर की मदद ली और पगडंडी के रास्ते करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर महिला के घर पहुंचे। इसके बाद प्रसूता को स्ट्रेचर पर उठाकर कठिन रास्ते से एंबुलेंस तक लाया गया।

कर्मचारियों की तत्परता से अस्पताल पहुंची प्रसूता

काफी मशक्कत के बाद सीमा को एंबुलेंस से उदयपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका प्रसव कराया गया।

इस घटना ने एक बार फिर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को उजागर किया है। वहीं, विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 108 एंबुलेंस के ईएमटी ममता सिंह पैकरा और पायलट भुवनेश्वर राजवाड़े ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *