Sarguja express
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे आवेदन, 30 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन; राज्य स्तर पर भी सम्मान पाने का मौका
अंबिकापुर। सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सरगुजा जिले के युवाओं को ‘युवा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने योजना के तहत पात्र युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
राज्य शासन द्वारा युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन के साथ 14 अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं का चयन किया जाता है।
इनमें छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान, युवा रत्न सम्मान जनजाति कार्य, साहित्य, नवाचार, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, युवा कल्याण, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला क्षेत्र शामिल हैं।
चयनित स्वैच्छिक संगठन को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं 5 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा अन्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा।
योजना के लिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक आवेदकों को निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, सरगुजा में जमा करना होगा। योजना और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्यालयीन समय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

