14 September 2026
बिग ब्रेकिंग….सरगुजा संभाग में सड़कों पर 1093 करोड़ की बड़ी सौगात, 44 प्रमुख सड़क कार्यों को मंजूरी….अंबिकापुर में दो फोरलेन सहित सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर की बदलेगी तस्वीर.. जानिए विस्तार से… कहां कहां होगा काम..;
आदेश ख़बर जरा हटके देश नियम पहल प्रशासन फैसला बड़ी खबर यातायात राज्य सौगात

बिग ब्रेकिंग….सरगुजा संभाग में सड़कों पर 1093 करोड़ की बड़ी सौगात, 44 प्रमुख सड़क कार्यों को मंजूरी….अंबिकापुर में दो फोरलेन सहित सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर की बदलेगी तस्वीर.. जानिए विस्तार से… कहां कहां होगा काम..;

Sarguja express

नई सड़कें, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुल-पुलियों पर होगा काम

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़े पैमाने पर काम होने जा रहा है। सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-बैकुंठपुर, कोरिया, पत्थलगांव, कुनकुरी और जशपुर क्षेत्र में कुल 44 प्रमुख सड़क कार्यों के लिए 1093.73 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इनमें नई सड़कों के निर्माण से लेकर मौजूदा मार्गों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, उन्नयन तथा पुल-पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं।

इस सूची में सबसे बड़ी सौगात अंबिकापुर शहर को मिली है। अंबिकापुर के लरंग साय चौक से रामानुजगंज मार्ग को 4 लेन करने के लिए 69.10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। करीब पांच किलोमीटर के इस हिस्से के चौड़ीकरण से शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। इसी तरह अंबिकापुर के गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक पांच किलोमीटर सड़क को 4 लेन बनाने के लिए 61.34 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। दोनों परियोजनाओं पर ही करीब 130.44 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

सीतापुर क्षेत्र को भी बड़ी सौगात

सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मार्ग सूची में शामिल हैं। सोनतराई से सूर तक करीब 4 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 34.22 करोड़ रुपए, सोनतराई-मैनपाट मार्ग के करीब 28 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 26.33 करोड़ रुपए स्वीकृत हैं। इसके अलावा अंबिकापुर-कुन्नी मार्ग के 13.20 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए 26.64 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क संपर्क मजबूत होगा। पटपुरा से घटोन मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से के लिए 17.95 करोड़, ढोंढाकेसरा से डोंडकैसरा आठ किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलिया सहित निर्माण के लिए 14.46 करोड़, असकला-अहिरपारा से दोरना मार्ग के लिए 12.93 करोड़ तथा असकला झारखंड से चरगिडीह तक चार किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 11.51 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

बलरामपुर-रामानुजगंज में लंबे मार्गों पर होगा काम

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग के 42 किलोमीटर डामरीकरण के लिए 24.59 करोड़ रुपए, रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग के विभिन्न हिस्सों के मजबूतीकरण एवं उन्नयन के लिए 23.84 करोड़ रुपए तथा प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग के 25 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 19.56 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा सनावल-रामचंद्रपुर मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर काम प्रस्तावित है।

सूरजपुर में सड़क के साथ पुल-पुलियों पर जोर

सूरजपुर जिले में कल्याणपुर-लटोरी-लटोरीम सड़क के करीब 33.10 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.93 करोड़ रुपए स्वीकृत हैं। बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के करीब 32 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 32.24 करोड़ रुपए तथा कुमरिया एनएच-43 से केवरा तक मार्ग चौड़ीकरण एवं पुल-पुलिया के लिए 30.41 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। प्रेमनगर क्षेत्र में भी कई सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण को स्वीकृति मिली है।

जशपुर-पत्थलगांव में भी करोड़ों के काम

जशपुर जिले में बगीचा-चराईडांड मार्ग के अलग-अलग हिस्सों के निर्माण एवं पुल-पुलिया चौड़ीकरण के लिए 34.44 करोड़ रुपए, फरसाबहार-बगीचा मार्ग के उन्नयन के लिए 29.37 करोड़ रुपए तथा तुमला से मंजर उड़ीसा सीमा तक करीब 11.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 27.73 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पत्थलगांव क्षेत्र में भी कई मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिली है।

इन 44 कार्यों के धरातल पर उतरने के बाद संभाग में शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण और अंतरजिला मार्गों तक सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। खासकर अंबिकापुर में दो प्रमुख फोरलेन परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। कुल 1093.73 करोड़ रुपए की ये स्वीकृतियां सरगुजा संभाग के सड़क ढांचे के लिए अब तक की बड़ी परियोजना सूची में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *