14 September 2026
छात्रा सुसाइड केस में एनएसयूआई छात्र नेता पर एफआईआर, परिजनों ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप….पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी अंतरा, बाथरूम में फंदे पर मिला था शव; मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी पुलिस
कार्रवाई क्राइम बड़ी खबर राजनीति राज्य

छात्रा सुसाइड केस में एनएसयूआई छात्र नेता पर एफआईआर, परिजनों ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप….पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी अंतरा, बाथरूम में फंदे पर मिला था शव; मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

Sarguja express…..

अंबिकापुर। शहर के पटपरिया क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा अंतरा शाह की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि छात्र नेता छात्रा के निजी चैट और वीडियो को लेकर उसे कथित रूप से ब्लैकमेल और परेशान कर रहा था। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।

मूल रूप से एमसीबी जिले के चिरमिरी के गोदरीपारा निवासी अंतरा शाह (19) अंबिकापुर के पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह अंबिकापुर में अपनी बड़ी बहन और जीजा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया गया कि 10 सितंबर को वह कॉलेज से घर लौटी थी। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चली गई थी।

बाथरूम में फंदे पर मिला था शव

11 सितंबर को परिजनों को अंतरा अपने बिस्तर पर नहीं मिली। काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने घर में तलाश शुरू की। इस दौरान बाथरूम अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर अंतरा का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। घटना की सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की।

सहेलियों से मिली जानकारी के बाद परिजनों ने लगाए आरोप

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद अंतरा की सहेलियों से बातचीत में छात्र नेता ज्ञान तिवारी का नाम सामने आया। आरोप है कि उसके पास छात्रा के कुछ निजी चैट और वीडियो थे और इन्हें परिजनों को दिखाने की धमकी देकर वह उसे परेशान कर रहा था। इन्हीं आरोपों के आधार पर परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। हालांकि इन आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है।

मोबाइल खोलेगा राज, आरोपी की तलाश

परिजनों की शिकायत के बाद गांधीनगर पुलिस ने मुक्तिपारा निवासी ज्ञान तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मृतका का मोबाइल भी जांच के लिए जब्त किया गया है। पुलिस मोबाइल में मौजूद चैट, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

जांच अधिकारी दिलीप दुबे के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। छात्रा की आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और लगाए गए आरोपों की सत्यता क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *