Sarguja express…..
करंट लगने से मौत की सूचना, शव पर सिर में चोट के निशान देख हत्या की आशंका; ठेकेदारों पर मारपीट और रुपए नहीं देने का आरोप
अंबिकापुर। रामानुजगंज मार्ग स्थित रवि फ्यूल्स में एक इलेक्ट्रिशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी में करंट लगने से मौत की बात कही गई, लेकिन शव पर मिले चोट के निशानों के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मृतक की पहचान सौरभ कुमार सिंह (32 वर्ष) पिता मनोज सिंह, निवासी ग्राम बीहट, थाना बलिया, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। वह लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत ठेकेदार के अधीन इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था।
बताया गया कि 3 अगस्त की रात करीब 11 बजे रवि फ्यूल्स के पैनल कक्ष में चार्ज लगाने के दौरान उसे करंट लगा। घटना रात करीब 12 बजे की बताई गई। उसी कमरे में सो रहे उसके साथी सादाब, निवासी ऊपर टोला, बलिया (बेगूसराय), जो वर्तमान में अंबिकापुर के पीतांबर पेट्रोल पंप में रहकर इलेक्ट्रिशियन का काम करता है, ने घटना की जानकारी दी। गंभीर हालत में सौरभ को तड़के करीब 3 से 4 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव पर चोट के निशान देख बदला मामला
बुधवार को मृतक के गांव से उसके चाचा धर्मेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, चचेरे भाई आदर्श कुमार, फुफेरे भाई रवि शंकर सहित अन्य परिजन अंबिकापुर पहुंचे। शव का निरीक्षण करने पर परिजनों ने सिर पर गंभीर चोट के निशान होने का दावा किया। उनका कहना है कि चेहरे के दाएं और बाएं दोनों ओर करंट के निशान थे, जबकि सिर की चोट ने उनकी शंका और गहरा दी। परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पिता का आरोप— ठेकेदार रुपए नहीं दे रहे थे, मारपीट भी करते थे
मृतक के पिता मनोज सिंह ने फोन पर बताया कि बेगूसराय के कुछ ठेकेदारों के कहने पर सौरभ काम के लिए अंबिकापुर आया था। उनके अनुसार, करीब एक माह पहले सौरभ लगभग 20 लाख रुपए लेकर यहां आया था और उसने परिवार को बताया था कि वह काम में पार्टनर बन गया है। हालांकि बाद में उसने परिवार को जानकारी दी कि पार्टनर से उसका विवाद चल रहा है।
पिता का आरोप है कि घटना वाले दिन रात करीब 9:30 बजे सौरभ ने अपनी पत्नी श्वेता सिंह को फोन कर कहा था कि वह अंबिकापुर छोड़कर वापस घर आना चाहता है, क्योंकि ठेकेदार उसका पैसा नहीं दे रहे हैं और उसके साथ मारपीट भी करते हैं। अगले दिन सुबह जब परिवार ने सौरभ से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में उसके साथी से सूचना मिली कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों ने ठेकेदारों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

