28 July 2026
राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को डीआईजी राजेश अग्रवाल ने दी बधाई….वीडियो कॉल के माध्यम से दी शुभकामनाएं, कहा- उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
ख़बर जरा हटके खेल देश प्रतिक्रिया बड़ी खबर राज्य सफलता सम्मान

राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को डीआईजी राजेश अग्रवाल ने दी बधाई….वीडियो कॉल के माध्यम से दी शुभकामनाएं, कहा- उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

Sarguja express

अंबिकापुर। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 में महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव को सरगुजा के पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बधाई दी है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 88 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 111 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव से बातचीत कर उन्हें सरगुजा पुलिस और समूचे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे पुलिस विभाग, प्रदेश के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता को उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *