18 June 2026
चोरी के शक में बेरहमी से पिटाई….पत्नी के सामने पति को डंडों से पीटा, अस्पताल में तोड़ा दम; गांव में सनसनी
क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

चोरी के शक में बेरहमी से पिटाई….पत्नी के सामने पति को डंडों से पीटा, अस्पताल में तोड़ा दम; गांव में सनसनी

Sarguja express…..

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के महेंद्रगढ़ क्षेत्र में चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है, जिसमें इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर मे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कठौतिया निवासी महिला प्रमिला  अपने मायके में रह रही थी। उसके पिता गंभीर रूप से शुगर बीमारी से पीड़ित हैं, जिनकी देखभाल के लिए वह करीब डेढ़ महीने पहले ससुराल सागर (मध्यप्रदेश) से अपने मायके आई थी। महिला ने बताया कि 14 जून की रात करीब 1 बजे उसका पति राजकुमार गोड़ शराब के नशे में घर पहुंचा और उसे साथ चलने के लिए कहने लगा। पत्नी ने पिता की बीमारी का हवाला देते हुए जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और राजकुमार गुस्से में घर छोड़कर निकल गया।

कुछ देर बाद पत्नी पति की तलाश में निकली और खोजते-खोजते रात करीब 3 बजे ग्राम बिछली पहुंची, जहां राजकुमार सड़क किनारे मिला। इसी दौरान गांव के गजरूप सिंह समेत कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और दोनों पर चोरी के इरादे से आने का शक जताने लगे।

महिला के समझाने के बावजूद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर पति-पत्नी पर डंडों, मुक्कों और लातों से हमला कर दिया। हमले में महिला को आंख, कान, पीठ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि राजकुमार के सिर, आंख, पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर चोट लगी।

घटना के बाद परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। घायल राजकुमार को पहले महेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *