15 May 2026
घरेलू विवाद में शराबी पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पांच साल की बेटी के सामने हुई वारदात
क्राइम राज्य

घरेलू विवाद में शराबी पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पांच साल की बेटी के सामने हुई वारदात

Sarguja express…..

पत्थर और पलंग के पाट से किया हमला, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत; आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्टीकला गांव में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शराबी पति ने अपनी ही पत्नी को पत्थर और पलंग के पाट से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय दंपति की पांच साल की बेटी भी घर में मौजूद थी और वह पूरी घटना के दौरान रोती रही, लेकिन आरोपी पति ने उसकी मां को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार भिट्टीकला निवासी हीरोबाई (23) 14 मई की दोपहर अपने घर में थी। इसी दौरान उसका पति प्रदीप अगरिया घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्थर और पलंग के पाट से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में हीरोबाई गंभीर रूप से घायल हो गई और घर में ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
मृतका की चाची सास सावित्री ने बताया कि घटना के समय वह बगल के कमरे में लकड़ी लेकर आई थी और भोजन कर रही थी। कमरे में कूलर चलने के कारण मारपीट की आवाज उन्हें सुनाई नहीं दी। बाद में जब उन्होंने घर में जाकर देखा तो हीरोबाई गंभीर हालत में पड़ी थी। वहीं दंपति की पांच वर्षीय बेटी रिया ने बताया कि उसके पिता उसकी मां को मार रहे थे। बच्ची ने यह भी बताया कि उसका पिता अक्सर शराब पीकर उसकी मां के साथ मारपीट करता था।
घटना के बाद आरोपी पति ही घायल पत्नी को मोटरसाइकिल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदीप अगरिया अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर मणिपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *