15 May 2026
कांग्रेस कार्यालय में चोरों का दुस्साहस, 72 टोंटियां चोरी कर लिख गए…आई लव यू अंबिकापुर
क्राइम बड़ी खबर राजनीति राज्य शिकायत

कांग्रेस कार्यालय में चोरों का दुस्साहस, 72 टोंटियां चोरी कर लिख गए…आई लव यू अंबिकापुर

Sarguja express…..

अंबिकापुर। शहर के हृदय स्थल गांधी चौक स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय ‘राजीव भवन’ में चोरों ने एक बार फिर सेंधमारी कर दी। इस बार चोरों ने न सिर्फ बड़ी चोरी को अंजाम दिया, बल्कि जाते-जाते फर्श पर संदेश लिखकर पुलिस की गश्त को खुली चुनौती भी दे डाली। चोरों ने कार्यालय के बाथरूम से करीब 72 नग स्टील की टोंटियां निकाल लीं और फर्श पर “आई लव यू अंबिकापुर” लिखकर फरार हो गए।
तीसरी बार निशाना बना राजीव भवन

हैरानी की बात यह है कि राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी घटना है। कोतवाली थाना क्षेत्र के इस वीआईपी इलाके में चोरों ने जिस तरह से बाथरूम की कीमती टोंटियां निकाल लीं, उससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें पकड़े जाने का कोई डर नहीं था।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में यह तीसरी बार चोरी हुई है। चोरों का दुस्साहस इस बात से समझा जा सकता है कि वे जमीन पर संदेश लिखकर जा रहे हैं, जो कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।
इस घटना के बाद शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि आम जनता के साथ-साथ राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *