Sarguja express….
अंबिकापुर /बिश्रामपुर…सूरजपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने शनिवार को विश्रामपुर क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में नशीली दवाएं जब्त कीं। हालांकि इस दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि एक अन्य फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विश्रामपुर के आईटीआई कॉलोनी स्थित मकान क्रमांक 1030 में रहने वाला भोले घसिया अपने घर से नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और कैप्सूल की बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां भोले घसिया घर पर मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान उसके शयन कक्ष से 132 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवोन प्लस कैप्सूल, 73 नग अल्प्रासेन टैबलेट एवं 90 नग अल्प्रेक्स (अल्प्राजोलम) टैबलेट बरामद किए गए। कुल 295 नग नशीली दवाओं को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत कार्रवाई की गई और उसे रिमांड के लिए सूरजपुर आबकारी नियंत्रण कक्ष लाया गया।
इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि पूर्व में 1 मार्च 2026 को लगभग 600 नग नशीले कैप्सूल-टैबलेट के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी अभिषेक कुमार साहू (तहसील विश्रामपुर में चपरासी) के मामले का फरार आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू अपने घर में मौजूद है। इस पर टीम ने भोले घसिया को नियंत्रण कक्ष में आरक्षकों की निगरानी में छोड़कर कब्रिस्तान मोहल्ला स्थित शहजाद के घर पर छापा मारा, जहां वह मौजूद मिला। उसे गिरफ्तार कर संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की गई।
हालांकि, इसी बीच आबकारी नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि भोले घसिया पानी पीने के बहाने आरक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए तत्काल प्रयास किए गए, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इस संबंध में थाना सूरजपुर में फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू को शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। उनके साथ आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

