8 April 2026
जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा की ओर से प्रतिनिधि मंडल मिला निगमायुक्त से…शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग 
निगम पहल प्रशासन मांग राज्य समस्या

जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा की ओर से प्रतिनिधि मंडल मिला निगमायुक्त से…शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग 

Sarguja express….

 

अम्बिकापुर….शहर की विभिन्न आवश्यक सुविधाएं जिसमें प्रमुख रूप से समस्त विद्युत स्ट्रीट लाइट की तत्काल प्रभाव से मरम्मत एवं समय समय पर नियमित रखरखाव करने और चौपाटी पर लगभग प्रति दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए चौपाटी क्षेत्र को “वाकिंग स्ट्रीट” घोषित करने की मांग को लेकर AICC के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल के द्वारा सम्मानित निगमायुक्त महोदय से मुलाक़ात कर अपनी बात रखी।
जैसा कि हम सभी को ज्ञात है कि कुछ दिनों पूर्व शहर के एक प्रमुख स्थल सद्भावना चौक के बिल्कुल समीप एक महिला के साथ बलात्कार कर बहुत ही भयावह तरीके से हत्या कर दी गई। सबसे शर्मनाक बात ये है कि आज दिनांक तक वह अपराधी कानून की गिरफ्त से दूर है।
यदि उस रात के मामले को ध्यान से देखा जाए तो उक्त चौक एवं रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट खराब थी जिस से निःसंदेह ही अपराधी का मनोबल मजबूत हुआ होगा।
शहर के अंतर्गत आने वाले रिंग रोड की समस्त स्ट्रीट लाइट का अगर आंकलन किया जाए तो समस्त लाइटों में सिर्फ 25 से 30 प्रतिशत ही स्ट्रीट लाइट चालू हैं, बाकि सभी खराब हैं जिस को प्राथमिकता से संज्ञान में ले कर दुरुस्त कराना अनिवार्य है। निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब करीब सभी 48 वार्डों की समीक्षा की जाए तो आधी से ज्यादा स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं जिनका तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराना अनिवार्य है।
इसके साथ ही शहर सीमा के अंतर्गत आने वाले समस्त चौकों के मध्य में हाई मास्ट लाइट लगाना चाहिए एवं आवश्यकतानुसार समय समय पर रखरखाव होना चाहिए।
शहर की दूसरी प्रमुख आवश्यकता ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करना है जिस में शहर के ह्रदय स्थल “चौपाटी” पर पार्किंग की अनियमितता के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस स्थिति से बचने के लिए चौपाटी को बड़े शहरों की तर्ज पर “वाकिंग स्ट्रीट” घोषित कर दिया जाए जिस में किसी भी प्रकार के दोपहिया एवं चार पहिया वाहन का प्रवेश वर्जित रहे। जोड़ा पीपल की तरफ से आने वाले मार्ग को नगर निगम की पूर्व बिल्डिंग के बाद से पार्किंग हेतु उपयोग में लिया जाए ताकि यदि किसी वाहन को अन्यत्र जाना हो तो वह घड़ी चौक, गांधी चौक होते हुए आकाशवाणी चौक की तरफ सुविधा पूर्वक जा सके। इस मार्ग पर शिव मंदिर से पहले जहां से चौपाटी की सीमा आरंभ होती है वहां पर एवं आकाशवाणी चौक की तरफ से आने पर इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम की सीमा के पश्चात बैरिकेडिंग कर के चौपाटी की वाहन पार्किंग हेतु उपयोग में लाया जा सकता है। इसी प्रकार चोपड़ा पारा की ओर जाने वाली मुख्य मार्ग को भी पार्क के दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर पार्किंग हेतु उपयोग में लाया जा सकता है। यदि प्रारंभ में उचित लगे तो प्रयोग करने हेतु प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से रात्रि दस बजे तक सांकेतिक बैरिकेडिंग कर के देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त यदि प्रशासन को उचित लगे तो यथोचित वाहन पार्किंग शुल्क भी लगा सकता है। इस से ना केवल नगर निगम की आय में वृद्धि होगी, इसके साथ ही रोज़गार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
आयुुक्त महोदय से निवेदन किया गया कि उपरोक्त सभी मांगो पर विचार विमर्श करते हुए प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु उचित कदम उठाएँ जिस से हमारा अम्बिकापुर देश के अन्य स्थानों के लिए एक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर की मिसाल पेश कर सके। प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ, सरगुजा के अध्यक्ष अमित तिवारी राजा, पार्षद हसन खान, निक्की खान, पार्षद शुभम जायसवाल, तरनराज बाबरा, शिवांशु गुप्ता, अतुल तिवारी एवं अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *