9 April 2026
लुंड्रा क्षेत्र में अफरा-तफरी….साप्ताहिक बाजार में मधुमक्खियों का हमला, कई घायल, ग्रामीणों ने मड़ई में जाकर बचाई जान
ख़बर जरा हटके प्रशासन बड़ी खबर मांग राज्य व्यवसाय समस्या हादसा

लुंड्रा क्षेत्र में अफरा-तफरी….साप्ताहिक बाजार में मधुमक्खियों का हमला, कई घायल, ग्रामीणों ने मड़ई में जाकर बचाई जान

Sarguja express…

अंबिकापुर।असकला
लुंड्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत असकला में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पास स्थित पानी टंकी में बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकलकर लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में कई ग्रामीण और दुकानदार घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों ने जान बचाने के लिए पास की मड़ई में शरण ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार के दौरान अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां लोगों पर टूट पड़ीं। इससे बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोगों ने खुद को छिपाकर किसी तरह जान बचाई। हमले के कारण बाजार में कुछ समय के लिए पूरी तरह भगदड़ जैसे हालात बन गए।

बताया जा रहा है कि बाजार के पास स्थित पानी टंकी में लंबे समय से मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ है। इसके कारण पहले भी कई बार बाजार के दौरान मधुमक्खियों ने हमला किया है और लोग घायल हुए हैं। कुछ दिन पहले हुए हमले के बाद एहतियात के तौर पर बाजार के दिन एंबुलेंस भी तैनात की गई थी।

इसके बावजूद अब तक मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि हर सप्ताह इस खतरे के बीच बाजार लगाना मजबूरी बन गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *